ड्रोन शो में आसमान पर साकार हुई रामकथा, मंत्रमुग्ध हुए दर्शक
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) दीपोत्सव-2026 के दौरान रामनगरी अयोध्या में आस्था, आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। राम की पैड़ी पर आयोजित स्वदेशी ड्रोन शो में आसमान रामायण के विभिन्न प्रसंगों से जगमगा उठा। प्रभु श्रीराम की वीर मुद्रा, रावण वध, पुष्पक विमान और राम दरबार की आकृतियां आसमान में उभरीं तो श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर उन्हें निहारते रह गए। किसी ने तालियां बजाकर खुशी जाहिर की तो कोई मोबाइल कैमरे में इन यादगार पलों को कैद करता नजर आया।

स्वदेशी ड्रोन ने जीवंत किए रामायण के प्रमुख प्रसंग

राम की पैड़ी पर ड्रोन की रोशनी से आसमान में रामायण के कई प्रमुख प्रसंग साकार किए गए। प्रभु श्रीराम की वीर मुद्रा, रावण वध और पुष्पक विमान की आकृतियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके साथ ही लक्ष्मण और हनुमान की वीर मुद्राओं, राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की भव्य छवि भी दिखाई गई।

रामकथा को पीढ़ियों तक पहुंचाने वाले महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास की आकृतियां भी आसमान में उभरीं। एक के बाद एक दृश्यों के सामने आने पर दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया।

मोबाइल कैमरों में कैद किए यादगार पल

ड्रोन शो शुरू होते ही राम की पैड़ी पर मौजूद लोगों की नजरें आसमान पर टिक गईं। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रंग-बिरंगी रोशनी से बनती आकृतियों को उत्सुकता से देखते रहे। परिवार के साथ पहुंचे लोग बच्चों और परिजनों को आसमान में उभरती रामायण की छवियां दिखाते नजर आए, जबकि युवा तस्वीरें और वीडियो बनाने में जुटे रहे।

हर खास दृश्य पर तालियां गूंजती रहीं। श्रद्धालुओं ने आस्था और आधुनिक तकनीक के इस संगम को दीपोत्सव का खास आकर्षण बताया।

दर्शकों ने बताया शानदार अनुभव

यश सोनकर ने कहा कि राम की पैड़ी पर इस तरह का भव्य आयोजन देखना शानदार अनुभव रहा। आसमान में रोशनी से बनते अलग-अलग दृश्य देखकर मन प्रसन्न हो गया।

अमन ने बताया कि ड्रोन शो बेहद आकर्षक रहा। लोगों का उत्साह देखकर लगा कि पूरा अयोध्या उत्सव में डूबा हुआ है। उन्होंने आयोजन के कई खास पलों को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया।

अयोध्या निवासी छवि ने कहा कि रामनगरी में दीपोत्सव का माहौल बेहद खूबसूरत रहा। राम की पैड़ी पर बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ उत्सव मनाते देखना हमेशा याद रहेगा।

पहली बार अयोध्या पहुंचे शाश्वत को भाया दीपोत्सव

दीपोत्सव के दसवें संस्करण में बनारस से पहली बार अयोध्या पहुंचे शाश्वत मिश्रा ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव अपने आप में अद्भुत है। पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला और जगह-जगह जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। दीपों से सजी रामनगरी और लोगों का उत्साह देखकर उनका मन खुश हो गया।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।