यूपी की सवा करोड़ महिलाएं बनीं उद्यमी, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई उड़ान
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं अब परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने के साथ कारोबार की कमान भी थाम रही हैं। स्वयं सहायता समूहों और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे रही है।

योगी सरकार के सहयोग से महिलाओं को स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक हुनर और उपलब्ध कच्चे माल के आधार पर स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों को ब्रांडिंग और विपणन के जरिए व्यापक बाजार तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे महिलाओं के हुनर को आर्थिक पहचान मिलने के साथ स्थानीय उत्पादों को भी नया बाजार मिल रहा है।

पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पाद बने कारोबार का आधार

प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों के जरिए कारोबार कर रही हैं। सहारनपुर में महिलाएं लालटेन, लकड़ी की ट्रे और लकड़ी के फ्रेम वाले नक्काशीदार दर्पण तैयार कर रही हैं। संभल में लकड़ी की ट्रे बनाई जा रही हैं, जबकि फिरोजाबाद में कांच के उत्पाद और दीये तैयार किए जा रहे हैं।

राजधानी लखनऊ में महिलाएं चिकनकारी सूट तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों के जरिए स्थानीय शिल्प और पारंपरिक हुनर को प्रोत्साहन मिलने के साथ ग्रामीण महिलाओं को उद्यमी बनने का अवसर मिल रहा है।

स्वयं सहायता समूहों से मजबूत हो रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन महिलाओं को संगठित कर आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं सामूहिक रूप से उत्पादन और कारोबार कर रही हैं। स्थानीय संसाधनों से तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के अवसर बढ़ रहे हैं।

मिशन के निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, योगी सरकार की पहल से महिलाओं के पारंपरिक कौशल को व्यावसायिक पहचान देने और उनके उत्पादों को ब्रांड के रूप में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, सहारनपुर, बुलंदशहर, संभल, फिरोजाबाद और लखनऊ में तैयार हो रहे उत्पाद इस बदलाव को दर्शाते हैं।

विंध्य प्रेरणा से काशी प्रेरणा तक बन रहे ब्रांड

मिर्जापुर में ‘विंध्य प्रेरणा’ ब्रांड के तहत साड़ियां, सत्तू, सरसों का तेल और चना तैयार कर बाजार में उतारे जा रहे हैं। वहीं सोनभद्र में ‘सोन प्रेरणा’ ब्रांड के अंतर्गत वन शहद, अगरबत्ती और बकरी के दूध से बने साबुन जैसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।

वाराणसी में ‘काशी प्रेरणा’ ब्रांड के तहत धूप और वंदनवार बनाए जा रहे हैं। ये उत्पाद काशी की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय शिल्पकला को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़ रहे हैं। इसी तरह बुलंदशहर में खुर्जा पॉटरी के दीये और मोमबत्ती स्टैंड तैयार किए जा रहे हैं।

इन ब्रांडों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने और उन्हें व्यापक बाजार से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उनका हुनर और उद्यमशीलता आत्मनिर्भर ग्रामीण उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।