इन तीन स्थानों पर सेंटर के लिए विचार
सैटेलाइट सेंटर की स्थापना के लिए राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र, आलमबाग; राजकीय उद्यान, अलीगंज और उद्यान निदेशालय, हजरतगंज को चिह्नित किया गया है। सेंटर के संचालन और विकास में निफ्टेम सोनीपत के विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य कृषि और उद्यानिकी को आधुनिक तकनीक तथा उद्योगों से जोड़ना है। इसके तहत खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाएं, अनुसंधान एवं विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और इन्क्यूबेशन से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार होंगे पाठ्यक्रम
सेंटर में खाद्य प्रसंस्करण और उद्यान क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप व्यावसायिक और तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। विद्यार्थियों और युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनके लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकें। इसके अलावा समय-समय पर तकनीकी सत्र और फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम भी आयोजित किए जाएंगे। इनके जरिए शिक्षकों और तकनीकी विशेषज्ञों को खाद्य प्रौद्योगिकी में हो रहे नए बदलावों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांच में मिलेगी मदद
निफ्टेम के सहयोग से क्षेत्रीय खाद्य अनुसंधान एवं विश्लेषण केंद्र (आरएफआरएसी), लखनऊ को तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाएगा। एपीडा और राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) से जुड़ी प्रक्रियाओं में भी संस्थान के विशेषज्ञ मदद करेंगे।
इससे खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांच, प्रमाणन और गुणवत्ता आश्वासन से जुड़ी संस्थागत क्षमताओं को विकसित करने में मदद मिलेगी। खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों को गुणवत्ता मानकों की जानकारी और तकनीकी सहयोग मिलेगा। इससे प्रदेश के खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
विद्यार्थियों को मिलेगा प्रयोगात्मक ज्ञान
सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव देने पर भी जोर रहेगा। इसके लिए विद्यार्थियों का निफ्टेम सोनीपत में शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। खाद्य प्रसंस्करण और उद्यान क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों तथा अन्य हितधारकों के लिए प्रमाणन कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।
एमएससी के विद्यार्थियों के लिए विलेज एडॉप्शन प्रोग्राम चलाया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों को चयनित गांवों से जोड़कर कृषि, उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। वे गांवों में कृषि उत्पादों की उपलब्धता, उनके प्रसंस्करण और उनसे जुड़े व्यावसायिक अवसरों को समझ सकेंगे।
वहीं, राजकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी संस्थान, लखनऊ के एमएससी विद्यार्थियों को अनुसंधान और नए खाद्य उत्पादों के विकास से जुड़ी परियोजनाओं में शामिल किया जाएगा। इससे उन्हें प्रयोगशालाओं में काम करने और नए उत्पाद विकसित करने का अवसर मिलेगा।
इन संस्थानों का मिलेगा सहयोग
निफ्टेम सैटेलाइट सेंटर के विकास में निफ्टेम सोनीपत के साथ केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (आईसीएआर-सीआईएसएच), केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान (सीएफटीआरआई) और लखनऊ विश्वविद्यालय का सहयोग लिया जाएगा। इन संस्थानों की विशेषज्ञता के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण और उद्यान क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की तकनीकी क्षमता बढ़ाने, स्थानीय कृषि एवं उद्यान उत्पादों से नए खाद्य उत्पाद विकसित करने और युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना है।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।