नेताजी बोस से जुड़ी फाइलें होंगी सार्वजनिक
(India)

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी फाइलें सार्वजनिक करने का फैसला किया है। राज्य सचिवालय में सीएम बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार नेताजी से संबंधित 64 फाइलें आगामी 18 सितंबर को सार्वजनिक करेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय अब तक नेताजी से जुड़ी गोपनीय फाइलें सार्वजनिक करने से रोकते रहे हैं। ये फाइलें नेताजी के गायब होने की कहानी पर नई रोशनी डाल सकती हैं। माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल सरकार के इस कदम से ममता बनर्जी और केंद्र सरकार में तनातनी बढ़ सकती है।इससे पहले नेताजी के परपोते चंद्र कुमार बोस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से नेताजी से जुड़ी फाइलों को सार्वजनिक करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि इससे नेताजी के बारे में कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं। गौरतलब है कि 1945 में 18 अगस्त को एक विमान दुर्घटना में नेताजी की मृत्यु हो गई थी। हालांकि उनकी मौत को लेकर कई विरोधभासी बातें सामने आती रही हैं।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।