हुंदै, महिन्द्रा और होंडा गाड़ियों के दाम बढ़े
(India)

वाहन कंपनी हुंदै, महिन्द्रा और होंडा ने आम बजट में घोषित नए करों के चलते अपने वाहनों के दाम 82,906 रुपये तक बढ़ाने की आज घोषणा की। हुंदै मोटर इंडिया ने एक बयान में कहा कि मूल्य वृद्धि 2,889 रुपये और 82,906 रुपये के बीच की गई है और यह एक मार्च से प्रभावी हो गई है। कंपनी प्रवेश स्तरीय छोटी कार इयान से लेकर लग्जरी एसयूवी सांता फे तक की बिक्री करती है जिनकी दिल्ली शोरूम में कीमत 3.20 लाख रुपये से 30.79 लाख रुपये के बीच है। हुंदै मोटर इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री व मार्केटिंग) राकेश श्रीवास्तव ने कहा, ‘आम बजट में नए शुल्क लगाए जाने से सभी माडलों के दाम 2,889 रुपये से 82,906 रुपये तक बढ़ाने पड़े। मूल्य वृद्धि से कुल मांग प्रभावित हो सकती है।’ कीमत वृद्धि के बाद इयान के आधार संस्करण की कीमत 2,889 रुपये, आई10 की कीमत 3,848 रुपये, ग्रैंड की 4,286 रुपये, एक्सेंट की 4,726 रुपये, एलीट आई20 की 4,886 रुपये, एक्टिव आई20 की 5,857 रुपये, वरना की 5,677 रुपये, क्रेटा की 27,192 रुपये, एलांट्रा की 45,044 रुपये और सांता फे की कीमत 82,906 रुपये बढ़ जाएगी। इसी तरह का कदम उठाते हुए होंडा कार्स इंडिया ने अपने सभी वाहनों के दाम 79,000 रुपये तक बढ़ा दिए हैं। होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने एक मार्च से वाहनों के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने प्रवेश स्तरीय कार ब्रायो की कीमत में 4,000 रुपये से 6,000 रुपये तक की वृद्धि की है, जबकि प्रीमियम हैचबैक जैज की कीमत 5,000 रुपये से 19,500 रुपये के बीच और मध्यम आकार की सेडान सिटी के दाम 24,600 रुपये से 38,100 रुपये के दायरे में बढ़ाए हैं।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।