(UTTARPRADESH, India)
ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में आगरा के उद्यमी अपनी व्यापारिक क्षमता और हुनर को ग्लोबल मंच पर प्रदर्शित करेंगे। इस वर्ष आगरा के 36 उद्यमी ट्रेड शो में हिस्सा लेंगे, जिनके लिए 60 स्टॉल आरक्षित किए गए हैं। आयोजन के जरिए स्थानीय उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और नवाचारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने अपने उत्पाद प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
इस बार आगरा के विभिन्न वर्गों के उद्यमियों को ट्रेड शो में भागीदारी का अवसर दिया गया है। ODOP श्रेणी के तहत 8 इकाइयों के 10 स्टॉल लगाए जाएंगे। महिला उद्यमी, MSME और युवा उद्यमियों की श्रेणी में 7 इकाइयों के 7 स्टॉल होंगे। इनमें 4 महिला और 3 युवा उद्यमी शामिल हैं। नवोदित निर्यातक श्रेणी में 17 इकाइयों के 25 स्टॉल और नियमित निर्यातक श्रेणी में 9 इकाइयों के 10 स्टॉल लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत भी एक इकाई ट्रेड शो में हिस्सा ले रही है।
ग्रेटर नोएडा के India Expo Mart में लगने वाले ट्रेड शो में आगरा के लेदर उत्पाद, मार्बल स्टोन उत्पाद, फुटवियर, लेदर फुटवियर, होम डेकोर, कारपेट, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम साड़ियां, गारमेंट्स, जरी-जरदोजी और इमीटेशन ज्वेलरी प्रदर्शित की जाएगी। विदेशी मेहमानों और बड़े खरीदारों को आगरा की शिल्पकला और स्थानीय उत्पादों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
UPITS 2026 में आगरा के खानपान की भी खास मौजूदगी रहेगी। ODOC श्रेणी के तहत 5 इकाइयां हिस्सा लेंगी। ट्रेड शो में आने वाले देशी-विदेशी खरीदार आगरा के प्रसिद्ध पेठे का स्वाद ले सकेंगे। इसके अलावा आगरा की पारंपरिक मिठाइयों और नमकीन का प्रदर्शन किया जाएगा। एक विशेष लाइव किचन भी आकर्षण का केंद्र होगा, जहां ताजे व्यंजन परोसे जाएंगे।
उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र कुमार के अनुसार, उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो स्थानीय उद्यमियों के लिए व्यापार विस्तार का मंच बन चुका है। उनके मुताबिक, आयोजन से नवोदित, युवा और विशेष रूप से महिला उद्यमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधे संवाद, B2B मीटिंग और व्यापार विस्तार का अवसर मिलेगा। विभाग की ओर से प्रतिभागियों को सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।