(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH)
ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में ब्रज क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं के हुनर को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाएं अपने स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और विपणन करेंगी। आयोजन के जरिए उनके उत्पादों को बड़े बाजार और देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
UPITS में आगरा मंडल के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। फिरोजाबाद की महिलाओं द्वारा तैयार कांच के सजावटी उत्पाद देशी-विदेशी खरीदारों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। मथुरा की महिलाएं मिट्टी के बर्तन, तुलसी गमला और फ्लावर पॉट प्रदर्शित करेंगी। वहीं मैनपुरी के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार आर्टिफिशियल ज्वेलरी, टेडीबियर और जूट बैग के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां उत्पादों की बिक्री भी होगी।
ट्रेड शो में उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के साथ उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। समूह गठन की प्रक्रिया, टेक होम राशन, बीसी सखी और विद्युत सखी जैसी योजनाओं के बारे में आगंतुकों को जागरूक किया जाएगा। आगरा के खेरागढ़ तहसील के सैंया ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत ब्रिथला की बीसी सखी ममता भी इस आयोजन में प्रतिभाग करेंगी और ग्रामीण बैंकिंग में महिलाओं की भूमिका को प्रदर्शित करेंगी।
ब्रज क्षेत्र की महिलाएं अंतरराष्ट्रीय मंच मिलने से उत्साहित हैं। मैनपुरी के लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की रीना ने बताया कि वे गांव में आर्टिफिशियल ज्वेलरी, टेडीबियर और जूट बैग तैयार करती हैं और अब इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। फिरोजाबाद के एकता स्वयं सहायता समूह की शान्ति देवी ने कहा कि उनके हाथों से तैयार कांच के सजावटी उत्पादों को ग्लोबल पहचान मिलने की उम्मीद है और इससे समूह की महिलाओं का उत्साह बढ़ेगा।
आगरा के उपायुक्त (स्वत: रोजगार) प्रेम चंद के अनुसार, UPITS महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने का एक माध्यम बन रहा है। उनके अनुसार ब्रज की महिलाओं के उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और महिलाओं की आय में वृद्धि के अवसर तैयार होंगे।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।