भारतीय मूल के गणितज्ञ दया रेड्डी बने आईसीएसयू के नए अध्यक्ष
(India) न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में संगठन की महासभा में शामिल हुए 120 राष्ट्रीय सदस्य और विज्ञान संघों के प्रतिनिधियों ने रेड्डी के पक्ष में मतदान किया। आईसीएसयू एक गैर सरकारी संगठन है जिसके 121 राष्ट्रीय वैज्ञानिक संस्थाएं और 31 अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक संघ सदस्य हैं। दक्षिण अफ्रीका की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री नलेदी पैंडोर समेत विज्ञान समुदाय ने रेड्डी को बधाई दी। पैंडोर ने कहा, ‘यह दक्षिण अफ्रीका और अफ्रीका के लिए बहुत महत्व रखता है। इससे हमारे महाद्वीप को उसके कौशल एवं नेतृत्व क्षमता और वैश्विक विज्ञान में निभायी जा रही हमारी भूमिका को मिल रही मान्यता का पता चलता है।’ रेड्डी ने कहा कि वह चाहते हैं कि आईसीएसयू जितना संभव हो उतना समावेशी बने ताकि विज्ञान की आवाज के तौर पर संगठन दुनिया भर में पूरे समुदाय को जोड़ सके। उन्होंने कहा, ‘आईसीएसयू विज्ञान के मूल्यों को बढ़ावा देने और दुनिया की समस्याओं को लेकर वैज्ञानिक नजरिए की मांग को लेकर नेतृत्व प्रदान करने की विशेष स्थिति में है।’ रेड्डी केपटाउन विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग विषय में पीएचडी की डिग्री हासिल कर चुके हैं। उनके पास कैंब्रिज यूनिवर्सिटी की पीएचडी डिग्री भी है। वह एकेडमी ऑफ साइंस ऑफ साउथ अफ्रीका के अध्यक्ष और वैज्ञानिक, प्रौद्योगिकी एवं स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर सरकारों एवं वैश्विक संगठनों के लिए रिपोर्ट तैयार करने वाले इंटरएकेडमी काउंसिल के सह अध्यक्ष हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।