महिला दिवस के ठीक पहले उनके जीवन में किलकारियां गूंज उठीं। मुंबई की पहली टेस्ट ट्यूब बेबी हर्षा चावड़ा मां बन गई हैं। उन्होंने सोमवार की सुबह में जसलोक अस्पताल में एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। हर्षा इस समय 29 साल की हैं। उनकी शादी पिछले साल 14 मई माटुंगा निवासी वित्तीय सलाहकार दिव्यपाल शाह से हुई थी। प्रसव कराने वाली डाक्टर इंदिरा हिंदूजा ने मीडिया को बताया कि हर्षा ने प्राकृतिक तरीके से गर्भ धारण किया था। उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है। इस बच्चे का वजन 3.18 किलोग्राम है। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। इधर, पिता बनने पर हर्षा के पति दिव्यपाल ने भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वह अपनी खुशी का इजहार शब्दों में नहीं कर सकते हैं। वह अपनी पत्नी और बच्चे को घर ले जाने के लिए बेचैन हैं। टेस्ट ट्यूब बेबी हर्षा का जन्म 6 अगस्त 1986 में मुंबई के केईएम अस्पताल में हुआ था। उनके जन्म में डाक्टर इंदिरा हिन्दूजा का बड़ा योगदान था। उस समय इंदिरा ही उनकी डाक्टर थीं। यह संयोग है कि अब हर्षा का प्रसव भी उनकी देखरेख में हुआ है। इसमें उनका सहयोग डाक्टर कुसुम झवेरी ने भी किया।
Author: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।