रेस्तरां में वेटर का काम कर रही है ओबामा की बेटी!
(India)
दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की छोटी बेटी साशा आजकल एक रेस्तरां में वेटर का काम कर रही हैं। साशा का काम यहां पर लोगों को भोजन परोसना है। साशा मैसाचुसेट्स के मार्थाज वाइनयार्ड स्थित नैन्सी नामक रेस्तरां में काम कर रही हैं। यह रेस्तरां अपने लजीज सीफूड्स के लिए मशहूर है। कहा जा रहा है कि रेस्तरां के मालिक जो मोऊजाबेर अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा के दोस्त हैं और उन्होंने ही 15 वर्षीय साशा को समर जाब के लिए रखा है। ओबामा परिवार गर्मी की छुट्टियों में अक्सर इस शहर में आता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, साशा रेस्तरां में सुबह की शिफ्ट में 4 घंटे काम करती हैं। इस दौरान वह रेस्तरां की पोशाक नीली टीशर्ट और खाकी पैंट पहने नजर आती हैं। साशा की एक तस्वीर भी छपी है, जिसमें वह कंप्यूटर में लोगों के आर्डर लेते हुए दिख रही हैं। काउंटर पर काम करने के अलावा साशा वेटर का भी काम करती हैं और साथ ही लंच के समय रेस्तरां को ठीक करने में मदद करना भी है। रेस्तरां में काम करते वक्त भी साशा की सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं। उनकी सुरक्षा में अमेरिकी खुफिया के 6 एजेंट हर पल तैनात रहते हैं। साशा के साथ काम करने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि वह नीचे की मंजिल पर काम कर रही हैं। हम चकित थे कि जब वह काम पर आती हैं तो उनके साथ छह लोग क्यों आते हैं। बाद में पता चला कि वह कौन है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।