कहा जाता है कि भगवान दुनिया में आप जैसा किसी और को भी बनाता है। ट्विटर का कमाल देखिए, उसने इसे चरितार्थ कर दिया। अमेरिका में सैंन डिएगो की 17 साल की छात्र संताना गुटायरेज ने ट्विटर पर अपनी हमशक्ल की तस्वीर डाली तो तीन और उनके जैसी लड़कियां मिल गईं। संताना और उनकी हमशक्लों की तस्वीर 22 हजार से ज्यादा बार रीट्वीट हो चुकी हैं। पिछले साल 24 सितंबर से इस सिलसिले की शुरुआत हुई। संताना सैंन डिएगो के फैशन वैली मॉल में घूमने गई थीं। तभी उन्हें एक लड़की की आवाज सुनाई दी, जो ‘सेव द चिल्ड्रेन’ संस्था के लिए उनसे चंदा मांग रही थी। पर उस लड़की को देखते ही संताना हैरान रह गईं। वह सिर्फ उस लड़की देखे जा रही थीं क्योंकि उसकी की शक्ल हूबहू उनके जैसी थी। उस हमशक्ल लड़की का नाम था इजाबेल। संताना ने इजाबेल के साथ अपनी एक तस्वीर खींची और ट्विटर पर डालते हुए लिखा कि ये इजाबेल हैं। मेरी कार्बन कॉपी। इत्तेफाक का यह सिलसिला यहीं खत्म नहीं हुआ। पिछले हफ्ते एक ट्विटर यूजर ने संताना को एली होल्ट नाम की लड़की की तस्वीर ट्वीट की, जो हूबहू संताना और उनकी हमशक्ल इजाबेल जैसी दिखती हैं। सिलसिला यहीं नहीं रुका। एक और यूजर ने 4 जनवरी को एक अन्य लड़की की तस्वीर ट्वीट की जिसके बाल और मुस्कान संताना जैसे हैं। इसके बाद 10 जनवरी को ‘यंग हॉलीवुड’ ट्विटर हैंडल से सैन फ्रांसिस्को की एली विलियम्स की तस्वीर ट्वीट की गई। हैरान संताना ने अपने माता-पिता को इन लड़कियों की तस्वीरें दिखाकर मजाकिया लहजे में उनसे पूछा कि इनसे उनका कोई रिश्ता तो नहीं है। जवाब ना में मिला। 10 जनवरी को एक यूजर ने एली विलियम्स की यह तस्वीर संताना को ट्वीट की और लिखा की मेरी दोस्त भी आप जैसी है।
Author: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।