टिक जाएगी आपकी आंखों पर नजर,MAKEUP TIPS
(DELHI, DELHI) अकसर बड़ी बादामी चमकीली और कटीली आंखों को खूबसूरत माना जाता है। ऐसी आंखें जिनसे नजरें हटती ही नहीं हैं। पर जरूरी नहीं कि प्राकृतिक रूप से हर किसी की आंखें इतनी ही खूबसूरत हों। अगर आप भी अपनी आंखों की खूबसूरती को निखारना चाहती हैं तो आपको आई मेकअप से जुड़ी मुख्य बातों को सीखना होगा। यह सच है कि शुरुआत में कुछ कमियां रह जाएंगी लेकिन लगातार कोशिश करने से आप भी मेकअप के जरिये अपनी आंखों की खूबसूरती को झटपट निखार पाएंगी।
आई मेकअप करने के कुछ घंटे बाद ही अगर पूरा मेकअप फैलने लगे तो चेहरे की रौनक खराब होने में वक्त नहीं लगता है। ऐसे में आई प्राइमर की भूमिका अहम हो जाती है। चेहरे के प्राइमर की तरह ही आंखों का प्राइमर वहां की त्वचा के टेक्सचर को बेहतर बनाकर आई मेकअप को लंबे समय तक टिकने में मदद करता है। साथ ही आई प्राइमर आई शैडो को भी खराब होने और उस पर क्रैक पड़ने से बचाता है। आई प्राइमर को आप आई शैडो लगाने से पहले अपनी उंगलियों या फिर मेकअप ब्रश की मदद से लगा सकती हैं। मेकअप एक्सपर्ट व कंसल्टेंट सौम्या चतुर्वेदी कहती हंै आंखों की खूबसूरती को निखारने में सही बेस की भूमिका अहम हो जाती है और आई प्राइमर बेस बनाने का ही काम करता है। आप बीबी या सीसी क्रीम में अपनी पसंद का कंसीलर मिलाकर भी आई मेकअप का बेस क्रीम या प्राइमर तैयार कर सकती हैं। इसके बाद आंखों के ऊपरी हिस्से पर पाउडर लगाएं ताकि त्वचा का तेल पूरी तरह से गायब हो जाए।
जब भी आई कंसीलर की बात आती है तो सही चुनाव करना मुश्किल हो जाता है। एक गलत धारणा यह है कि अगर आंखों के नीचे काले घेरे या दाग-धब्बे न हों तो कंसीलर की जरूरत ही नहीं पड़ती। पर सच्चाई यह है नहीं। प्रभावी आई मेकअप के लिए हमेशा कम मात्रा में ही सही कंसीलर का इस्तेमाल जरूर करें। इस बारे में मेकअप आर्टिस्ट भव्या कहती हैं जब खुद से सही मेकअप करने की बात आती है तो सही रंगों का चुनाव बहुत अहम हो जाता है। सबसे पहले अपनी अंडर टोन स्किन की पहचान करें। इसमें तीन विकल्प होते हैं पीला नारंगी और नीला। अपने स्किन टोन के मुताबिक ही कंसीलर लगाएं और उसके बाद ऊपर से पाउडर लगाएं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।