पीएम मोदी चुनाव से पहले 13 परियोजनाओं की सौगात लेकर कुछ देर में जयपुर (राजस्थान) पहुंचेगे
(Rajasthan, India) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचने वाले हैं। यहां वह 2,100 करोड़ रुपए की 13 शहरी आधारभूत परियोजनाओं की नींव रखेंगे। पीएम मोदी के इस दौरे को विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को लुभाने की एक कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। बता दें कि इसी साल राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने हैं। अपने दौरे के दौरान पीएम केंद्र सरकार की 7 और राज्य सरकार की 5 योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात करेंगे।
इन योजनाओं में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य शामिल हैं। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे रैली में प्रजेंटेशन देंगी। जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की पीएम नींव रखेंगे उनमें पुराने उदयपुर के लिए एकीकृत संरचना पैकेज, अजमेर के लिए एलिवेटेड रोड परियोजना, अजमेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, हनुमानगढ़, सीकर एवं माउंट आबू में जलापूर्ति एवं सीवरेज परियोजना, धौलपुर, नागौर, अलवर एवं जोधपुर में एसटीपी का उन्नयन परियोजना, बूंदी, अजमेर एवं बीकानेर जिले में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत परियोजना, कोटा में दशहरा मैदान चरण-दो परियोजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी जयपुर में एक सार्वजनिक सभा को भी संबोधित करेंगे। 33 जिलों से लगभग 2 लाख से ज्यादा लाभार्थियों के कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार राजस्थान के लगभग 4.5 करोड़ लोगों को 160 सरकारी योजनाओं के जरिए फायदा पहुंचा है। सरकारी आदेश के अनुसार राजस्थान सरकार रैली में कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाने के लिए 7 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। उनकी यात्रा के लिए ज्यादातर खर्च बड़े पैमाने पर योजनाओं से आएगा। राज्य सरकार ने लोगों को अमरूदो का बाग स्टेडियम तक लाने के लिए 5,579 बसों का इंतजाम किया हुआ है। यहीं पीएम मोदी लोगों को संबोधित करेंगे। एक आदेश के अनुसार सरकार का सामान्य प्रशासन विभाग 33 जिलों से राज्य की राजधानी तक लोगों को लाने पर 722.53 लाख रुपए खर्च करेगा। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री पीपी चौधरी, सीआर चौधरी, गजेंद्र सिंह शेखावत, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ व अर्जुन मेघवाल भी मोदी के साथ विमान से जयपुर आएंगे।


Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।