कोटा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 8 श्रद्धालुओं की मौत; 15 से ज्यादा घायल, नाले में गिरी टेंपो ट्रैवलर
(Kota, Kota) राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सीमलिया थाना क्षेत्र में भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर नाले के ऊपर बने पुल से टकराई और करीब 15 फीट नीचे जा गिरी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले करीब आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। वाहन में 25 से अधिक श्रद्धालु सवार थे।

पुल से टकराकर नाले में गिरी टेंपो ट्रैवलर

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। नाले में पानी और कीचड़ होने के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

भोपाल से खाटूश्यामजी दर्शन करने जा रहे थे श्रद्धालु

कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के अनुसार, हादसे में करीब आठ लोगों की मौत हुई है और 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि वाहन में सवार लोग अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन सभी एक-दूसरे को जानते थे। यात्रा की योजना बनाने वाला व्यक्ति भी टेंपो ट्रैवलर में सवार था। वह घायल हुआ है और कोटा मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है।

चालक को नींद की झपकी आने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि वाहन चलाते समय चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके कारण टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

गंभीर घायलों का ICU में इलाज

कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि हादसे में घायल यात्रियों का इलाज किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल लोगों को ICU में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के साथ घायलों के उपचार पर नजर रख रही हैं। हादसे के बाद मृतकों की पहचान और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

Digital Desk: Prashant Kumar Singh

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।