(DELHI, India)
मनमोहन सिंह ने 2014 की दावेदारी से भले ही खुद को अलग कर लिया हो लेकिन कांग्रेस और पार्टी के नए पीएम उम्मीदवार के लिए फील्डिंग करने का मंसूबा साफ कर दिया है. प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी पार्टी भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर सबसे तीखा और तेज हमला बोलते हुए कहा कि अगर मोदी देश के प्रधानमंत्री बने तो यह देश के लिए सबसे विनाशकारी होगा. उन्होंने मोदी और गुजरात दंगों पर फिर से सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मोदी का काम कैसा है अहमदाबाद की सड़कें इस बात की गवाह हैं. भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मनमोहन सिंह के मोदी पर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है. उन्होंने कहा कि मोदी को देश के लिए घातक बताने वाला पीएम का बयान हास्यास्यपद है. उन्होंने कहा कि मोदी को इस मामले में क्लीनचिट मिल चुकी है. उसके बाद प्रधानमंत्री का यह बयान दुर्भाग्यपूर्ण है. प्रधानमंत्री ने एक बार फिर से गुजरात दंगों के जिन्न को चुनावों से पहले फिर जिंदा करने की कोशिश की. इससे पहले 2007 में गुजरात के चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी मोदी पर मौत के सौदागर की टिप्पणी की थी बावजूद इसके मोदी को राज्य में जबरदस्त बहुमत मिला था. अपने रिटायरमेंट की घोषणा करते और जाते-जाते भी प्रधानमंत्री ने 2014 की चुनावी जमीन के लिए फिर शिगूफा छोड़ ही दिया.
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।