(BIHAR, India)
लोकसभा चुनाव में भाजपा उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के साथ समझौता करेगी. हालांकि, सीमित सीटों पर ही शर्तो के साथ समझौता होगा. दिल्ली में होनेवाली राष्ट्रीय कार्यसमिति और राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पार्टी अपनी कार्ययोजना पेश करेगी. मंगलवार को हुई कोर कमेटी की बैठक में बिहार भाजपा के राष्ट्रीय प्रभारी धर्मेद्र प्रधान ने स्पष्ट कहा कि भाजपा अन्य दलों के गंठबंधन पर नजर रखे हुए है. कांग्रेस-राजद और लोजपा या जदयू-लोजपा के गंठबंधन से बिहार में भाजपा पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा. भाजपा इन दलों के गंठबंधन का खुलासा होने के बाद लोक सभा चुनाव की रणनीति तय करेगी. उन्होंने पार्टीजनों को सावधान किया कि वे आपसी मत भिन्नता दूर करें. आपसी मतभिन्नता से पार्टी कमजोर होगी और दूसरे दलों को लाभ होगा. उन्होंने अनावश्यक बयानबाजी से बचने की सलाह भी दी.बैठक में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों के आने और उन्हें लोकसभा चुनाव में उतारने की चर्चा पर लोगों ने सवाल खड़े किये. नेताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी के जुझारू नेता-कार्यकर्ताओं को महत्व देने की मांग की गयी. बिहार में समझौते के तहत लोक समता पार्टी को दो से अधिक सीट नहीं देने के संकेत दिये गये हैं.
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।