वैदिक-हाफिज मुलाकात: सरकार ने झाड़ा पल्ला, कहा- मामले से कोई लेना-देना नहीं
(DELHI, India) सईद से वैदिक की मुलाकात पर संसद से लेकर सड़क तक हंगामा मचा हुआ है। इस मुद्दे पर आज राज्यसभा और लोकसभा दोनों में खूब हंगामा हुआ और विपक्ष ने मोदी सरकार को इस मामले में घेरने की कोशिश की । दोनों सदनों में वैदिक-हाफिज मुलाकात और उनके कश्मीर के मुद्दे पर दिए गए विवादित बयान को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ। लोकसभा में कांग्रेस ने सरकार से ये जानना चाहा कि क्या इस मुलाकात की जानकारी सरकार को थी या नहीं। कांगेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार से इस मसले पर जवाब मांगा। वैदिक की हाफिज से मुलाकात और कश्मीर पर दिए बयान पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि वैदिक की इस मुलाकात से सरकार का कोई लेना देना नहीं है। सुषमा ने कहा कि उनकी ये मुलाकात पूरी तरह निजी थी जिसके बारे मे सरकार को कोई जानकारी नहीं थी। सुषमा ने कहा कि सरकार पर यह आरोप लगाना कि वैदिक सरकार के दूत बनकर पाकिस्तान गए थे बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि वैदिक को लेकर जो आरोप केंद्र सरकार पर मढ़े गए हैं वह दुर्भाग्यपूर्ण है। सुषमा ने साफ किया कि पत्रकार वैदिक की आतंकवादी संगठन जमात उद दावा प्रमुख हाफिज सईद के साथ मुलाकात से केंद्र सरकार का दूर दूर तक कोई संबंध नहीं है। गौर हो कि वैदिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को सदन में हंगामा हुआ,,,,प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों के सदस्यों ने वरिष्ठ हिन्दी पत्रकार वेदप्रताप वैदिक की हाफिज सईद से मुलाकात का मुद्दा उठाना शुरू कर दिया। कांग्रेस के सत्यव्रत चतुर्वेदी ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मुद्दा है और सरकार को बताना चाहिए कि उसने क्या कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि इस सवाल का जवाब बेहद जरूरी है कि आखिर वैदिक ने किसकी अनुमति से सईद से मुलाकात की। पार्टी के अन्य सदस्यों ने तथा सपा, बसपा, जदयू, तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों ने उनकी बात का समर्थन किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।