दिल्ली में सरकार बनाने के मामले पर आम आदमी पार्टी (आप) ने अब बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी की नीति और नीयत के बारे में बताकर जनता को फिर से अपनी तरफ खींचने के लिए पार्टी तमाम तरीके अपना रही है। इसी कड़ी में अरविंद केजरीवाल ने एक ऑडियो मेसेज जारी किया है, जिसमें उन्होंने एक बार फिर बीजेपी पर दिल्ली में सरकार बनाने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त करके आम आदमी पार्टी को तोड़ने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। जल्द ही एमएफ रेडियो, फोन कॉल, विडियो कॉल और सोशल नेटवर्किंग साइट्स समेत अन्य संचार माध्यमों से केजरीवाल का यह रिकॉर्डेड वॉयस ऑडियो मेसेज जनता तक पहुंचने लगेगा। 45 सेकंड के इस मेसेज में केजरीवाल ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह सरकार बनाने के लिए कई विधायकों को 20-20 करोड़ रुपये तक का ऑफर दे रही है। केजरीवाल पूछते हैं, क्या यही लोकतंत्र है? अगर बीजेपी कई सौ करोड़ रुपये खर्च करके सरकार बना भी लेती है, तो फिर ऐसी सरकार ईमानदार कतई नहीं होगी। ऐसी सरकार सिर्फ आपके बिजली के बिल और महंगाई बढ़ाएगी और भ्रष्टाचार में लिप्त रहेगी। केजरीवाल ने पूछा है कि ऐसे अनैतिक तरीकों से विधायकों की खरीद-फरोख्त करके बनाई गई सरकार दिल्ली की महिलाओं को सुरक्षा प्रदान कर सकेगी? इस मुद्दे पर नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं? केजरीवाल ने कहा है कि अब बहुत हो चुका। दिल्ली की जनता अब और चुप नहीं रहेगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।