जानकारी के अनुसार, इस मुलाकात में मोदी ने हिंदी में बातचीत की। मोदी ने हिंदी में बातचीत करते हुए पुतिन से कहा कि रूस से हमारी बहुत पुरानी दोस्ती है। भारत और रूस के संबंध बेहद अहम हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर भारतवासी कहता है कि रूस हमारा सबसे सच्चा मित्र है। हमारी सरकार की कोशिश है कि भारत और रूस के बीच संबंध और मजबूत कैसे बने। हम ऐसी योजना पर काम करें कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और बेहतर बने और विकास को तेज गति मिले। उन्होंने पुतिन से यह भी कहा कि हम भारत में आपका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के साथ रक्षा एवं ऊर्जा क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को व्यापक बनाने की पैरवी की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को आगामी दिसंबर में होने वाली उनकी भारत यात्रा के दौरान कुडनकुलम परमाणु बिजली संयंत्र का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया। मोदी और पुतिन ने यहां ब्रिक्स शिखर बैठक से इतर बीती रात 40 मिनट तक मुलाकात की। इससे पहले दोनों नेताओं की सोमवार की मुलाकात टाल दी गई थी क्योंकि पुतिन ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया में व्यस्त थे। इस मुलाकात के दौरान पुतिन ने मोदी को आम चुनाव में मिली भारी जीत पर बधाई दी। साल 2001 में मॉस्को में पुतिन से मुलाकात करने वाले मोदी ने कहा कि रूस के साथ हमारा रिश्ता हर कसौटी पर परखा हुआ है तथा उन्होंने इस बात की सराहना की कि दोनों देशों के बीच आजादी के पहले से मधुर संबंध हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हिंदी में बोलते हुए कहा कि अगर भारत में किसी बच्चे से पूछा जाए कि भारत का सबसे अच्छा दोस्त कौन है तो उसका जवाब रूस होगा क्योंकि संकट के समय रूस हमेशा भारत के साथ रहा है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।