भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा
(DELHI, India) नई एनडीए सरकार के पहले बजट की चर्चा में हिस्सा लेते हुए कांग्रेस ने बुधवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाने वाली उनकी सरकार क्या अपने उस सांसद के खिलाफ कार्रवाई करेगी जिसके घर से एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी और बड़े पैमाने पर सोना चांदी बरामद हुआ है। लोकसभा में आज बजट पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि चुनाव के बाद संसद के पहले सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि देश की छवि ‘स्कैम इंडिया’ की बन गई है और इसे दूर करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद गिरिराज सिंह के घर से एक करोड़ 14 लाख रुपये और बड़ी मात्रा में सोना चांदी बरामद हुआ है। सरकार जवाब दे कि उनके विरूद्ध क्या कार्रवाई हो रही है। यह जवाब इसलिए जरूरी है कि क्योंकि जब आपका घर ही साफ नहीं होगा तो देश कैसे साफ होगा। सिंधिया ने जब यह आरोप लगाया उस समय गिरिराज सिंह सदन में मौजूद थे। भाजपा सदस्यों ने कांग्रेस के इस आरोप पर कड़ी आपत्ति जताई और राजीव प्रताप रूढ़ी ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि किसी सांसद के खिलाफ बिना नोटिस दिए कोई आरोप नहीं लगाया जा सकता।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।