बीजेपी का कश्मीर पर दोहरा मापदंड : दिग्विजय
(DELHI, India) कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह कश्मीर पर दोहरे मापदंड अपना रही है और सवाल किया कि क्या भाजपा कश्मीर पर कहे गए अपने बयानों पर ‘यू टर्न’ ले रही है? सिंह ने कल शाम ट्वीट में कहा कि जब मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफि़ज सईद ने कश्मीर के अलगाववादी नेता यासीन मलिक से मुलाकात की थी, तब भाजपा चाहती थी कि उसका :मलिक: पासपोर्ट जब्त करना चाहिए और उसे (मलिक) गिरफ्तार करना चाहिए। लेकिन भाजपा अब वरिष्ठ राजनीतिक पत्रकार वेद प्रताप वैदिक के मामले में नरम रवैया अपना रही है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘जब हाफि़ज सईद ने यासीन मलिक से मुलाकात की थी, तब भाजपा चाहती थी कि मलिक का पासपोर्ट जब्त करना चाहिए और उसे गिरफ्तार करना चाहिए। लेकिन अब भाजपा वैदिक के मामले में नरम रवैया अपना रही है। यह दोहरा मापदंड है।’ एक अन्य ट्वीट में सिंह ने कहा, ‘क्या भाजपा पाकिस्तान और आतंकवादियों के प्रति नरम हो रही है और अपने कश्मीर पर कहे गए बयानों पर ‘यू टर्न’ ले रही है?’ उन्होंने कहा कि वैदिक ने स्वतंत्र कश्मीर का समर्थन किया है, जबकि केन्द्रीय वित्त मंत्री अरण जेटली इसे ‘कूटनीतिक अभाग्य’ कहते हैं और केन्द्रीय शहरी विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू इसे कोई मुद्दा नहीं मान रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।