दिल्ली में कांग्रेस MLA की मदद से सरकार बनाएगी बीजेपी, मुखी हो सकते हैं मुखिया?
(DELHI, India) हालांकि सरकार बनाने या चुनाव में जाने के बारे में अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ही लेंगे। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में बीजेपी सरकार बनने की सूरत में जगदीश मुखी मुख्यमंत्री हो सकते हैं। विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश किए गए डॉ. हर्षवर्धन के केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री बन जाने की वजह से मुखी को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। बुधवार को दिल्ली के नए प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने इसी मसले पर पार्टी विधायकों की बैठक बुलाकर सलाह-मशविरा किया। कहा जा रहा है कि दिल्ली में बीजेपी के ज्यादतर विधायक सरकार बनाने के पक्ष में हैं। पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे वरिष्ठ विधायक जगदीश मुखी ने दावा किया कि बैठक विकास कार्यों में आ रही परेशानियों पर चर्चा हुई लेकिन सरकार को लेकर पार्टी ही अंतिम फैसला करेगी। ज्यादातर विधायक चुनाव का सामना नहीं करना चाहते हैं। सतीश ने कहा कि दिल्ली में सरकार जरूरी है। बीजेपी नेता सतीश उपाध्याय ने कहा है कि बीजेपी के सामने सारे विकल्प खुले हैं। अंतिम फैसला आलाकमान करेगा। हांलाकि उन्होंने साफ इशारा किया कि हालात बने तो बीजेपी दिल्ली में सरकार बना सकती है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के 8 में से छह विधायक बीजेपी को समर्थन देने को तैयार हैं। हालांकि पार्टी इससे साफ इंकार कर रही है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा कि हम आम आदमी पार्टी या बीजेपी में किसी को समर्थन नहीं देंगे। दिल्ली में जिसकी सरकार बनती है तो बने।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।