वेद प्रकाश वैदिक पर कांग्रेस के करारे वार के बाद शिवसेना ने भी जोर का हमला बोला है. सामना में उद्धव ठाकरे ने लिखा है कि वैदिक ने ये सब सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए किया है. उनके इस करतूत को किसी कीमत पर माफ नहीं किया जा सकता है. उन्हें तो वापस इस्लामाबाद ही भेज देना चाहिए. सामना ने अपने संपादकीय में लिखा, ‘वैदिक महाशय जब हिंदुस्तान के कट्टर दुश्मन से मिल रहे हैं तो उनके चेहरे पर ऐसे भाव हैं जैसे वो किसी महान समाजसेवक से मिल रहे हों. प्रचार का इतना लोभ तो घातक ही होता है. प्रचार पाने के लिए न्यूड तस्वीर खिंचवाने वाली पूनम पांडे को तो एक बार माफ किया जा सकता है, लेकिन हाफिज सईद से मिलकर उससे उपकार भाव में बातचीत करनेवाले को माफ नहीं किया जा सकता. सईद कसाब का असली बाप है. हिंदुस्तान में हिंसा फैलाकर देश को खत्म करने का षड्यंत्र रचनेवालों में से है. ऐसे राक्षस से मिलने एक पत्रकार नामक गिरगिट जाता है और उसके साथ हंसते हंसते फोटो निकालता है, यह अपने में भयंकर पाप है.’ सामना ने आगे लिखा, ‘हाफिज से इस प्रकार मिलना राष्ट्रद्रोह जैसा ही अपराध है और सरकार को इस पर कड़े कदम उठाने चाहिए.’संपादकीय में साफ-साफ लिखा गया कि देश की तमाम जनता की इच्छा है कि वैदिक को उसी एयरलाइंस में बिठाकर वापस इस्लामाबाद भेज देना चाहिए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।