इराक की स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए है भारत : जेटली
(DELHI, India) जेटली ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि सरकार इराक के संबंध में सामने आ रही स्थितियों पर पैनी नजर रखे हुए है तथा उसका सामना करने के लिए उपयुक्त नीतिगत उपाय करती है। उन्होंने कहा कि इराक संकट के कारण तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर प्रभाव पड़ने की आशंका है। यदि तेल के मूल्यों में उल्लेखनीय वृद्धि होती है और इसका मूल्य अधिक उंचे स्तर पर बना रहता है तो पेट्रोलियम , तेल और लुब्रिकेंट एवं आयात पर भारत द्वारा किए जाने वाले व्यय और इसके चालू खाता घाटे पर प्रभाव पड़ सकता है। जेटली ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तेल मूल्यों के उच्च स्तर पर बने रहने से देश में मुद्रास्फीति और राजकोषीय घाटे पर भी प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त अनिश्चितताओं के कारण व्यावसायिक माहौल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि इराक में उत्पन्न संकट के कारण जून 2014 के दूसरे और तीसरे सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के मूल्यों में तेजी आयी थी। हालांकि बाद में यह कम हो गयी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल मूल्यों में तेजी आने तथा उसके संबंध में बाजार की सोच ऐसे मुख्य कारण हो सकते हैं जो इराक संकट के तत्काल बाद रूपये के अवमूल्यन के कारण बने।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।