आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। लेकिन, इस फैसले से आम आदमी पार्टी के नेता योगेंद्र यादव खुश नहीं हैं। यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी के पांच लाख वोटर्स को हम क्या जवाब देंगे। पार्टी ने मंगलवार को यह फैसला किया कि इसी साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लिया जाएगा। इसकी वजह राष्ट्रीय नेतृत्व में इस फैसले को लेकर पूर्ण सहमति न बन पाना बताई गई। हालांकि, अरविंद केजरीवाल हरियाणा में चुनाव लड़ने को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं रहे हैं। उन्होंने कम से कम दो बार अपनी यह मंशा जाहिर की है। वह दिल्ली पर फोकस करना चाहते हैं। लेकिन, योगेंद्र यादव इससे सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा, मैं इस फैसले से बहुत निराश हूं क्योंकि एक राजनीतिक दल के तौर पर हम वहां एक चुनाव लड़ चुके हैं। उसके बाद हम यूं मैदान खाली नहीं छोड़ सकते। हरियाणा में हमारे पांच लाख वोटर हैं। हम उन्हें क्या जवाब देंगे? वैसे, यादव उस मीटिंग में मौजूद थे जिसमें चुनाव न लड़ने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि 95 फीसदी कार्यकर्ता चुनाव लड़ने के पक्ष में हैं, इसके बावजूद पार्टी की हरियाणा यूनिट ने यह फैसला किया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।