(India)
रंगारंग और भव्य समारोह के साथ हुई 20वें कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत, परेड में सबसे पहले आया भारतीय दल, महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने यहां सेल्टिक पार्क में स्काटलैंड की संस्कृति और धरोहर की रंगारंग और भव्य प्रस्तुति पेश करने वाले कार्यक्रम में लगभग 35000 दर्शकों की मौजूदगी में 20वें राष्ट्रमंडल खेलों की आधिकारिक शुरुआत की घोषणा की। ग्यारह दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता के दौरान 71 देशों के 4500 से अधिक एथलीट 17 खेलों में चुनौती पेश करेंगे जिससे यह स्काटलैंड में आयोजित होने वाली अब तक की सबसे बड़ी प्रतियोगिता होगी। महारानी ने इस मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि वे मुश्किल के समय में ‘एकजुट’ रहें। रंगों और खुशियों के संगम के बीच दुख की झलक भी देखने को मिली जब मलेशिया की विमान संख्या एमएच 17 में मारे गए 298 लोगों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया। युक्रेन में मार गिराए गए इस विमान में राष्ट्रमंडल देशों के 82 लोगों ने भी अपनी जान गंवाई। मलेशियाई टीम ने भी स्टेडियम में प्रवेश करते हुए अपने झंडे को आधा झुकाया हुआ था जबकि टीम के सदस्यों ने अपनी बांह पर काली पट्टियां बांध रखी थी। महारानी एलिजाबेथ ने खिलाड़ियों से कहा कि राष्ट्रमंडल देशों के खिलाड़ियों मैं आपको शुभकामनाएं देती हूं कि आप अपने प्रयासों में सफलता हासिल करें। उन्होंने कहा कि आप हमें याद दिलाते हो कि युवा लोग, जिनकी उम्र 25 बरस से कम है, वे राष्ट्रमंडल नागरिकों का आधा हिस्सा हैं। और हम अपनी मान्यताओं को आगे ले जाने और अपने भविष्य की जिम्मेदारी आपके हाथ में सौंपते हैं। महारानी ने कहा कि मैं उन संगठनों और स्वयंसेवकों को धन्यवाद देती हूं जिन्होंने इस खेलों को मूर्त रूप देने में कड़ी मेहनत की और यहां स्टेडियम में मौजूद दर्शकों और टीवी पर देखने वाले लाखों दर्शकों को भी धन्यवाद देती हूं। उन्होंने कहा कि मुझे अब 20वें राष्ट्रमंडल खेलों की शुरूआत की घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है। ब्रिटेन के सर्वकालिक महान ओलंपियन साइकिलिस्ट स्काटलैंड के सर क्रिस हाय ने महारानी को क्वीन्स बेटन सौंपने का सम्मान मिला जिसके बाद महारानी ने अपना यह संदेश पढ़ा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।