मुझे बाहरी करार देना निंदनीय; मैं भारतीय हूं और मरते दम तक रहूंगी: सानिया मिर्जा
(DELHI, India) सानिया को मंगलवार को ही नए राज्य तेलंगाना का ब्रांड दूत बनाया गया जिस पर राजनीतिक विवाद पैदा हो गया है। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने यह कहकर विवाद को जन्म दिया कि क्रिकेटर शोएब मलिक से शादी के बाद पाकिस्तान की बहू होने के कारण सानिया इस सम्मान की हकदार नहीं है। सानिया ने एक बयान में कहा कि मैं बहुत दुखी हूं कि मुझे मेरे राज्य तेलंगाना का ब्रांड दूत बनाये जाने के छोटे से मसले पर मीडिया और बड़े राजनीतिज्ञों का इतना बहुमूल्य समय बर्बाद हो रहा है। मेरा मानना है कि यह कीमती समय राज्य और देश के और जरूरी मसलों को सुलझाने पर खर्च होना चाहिये। उन्होंने कहा कि उनके पूर्वजों ने हैदराबाद को काफी कुछ दिया है और मलिक से शादी के बावजूद वह भारत की नागरिक है। उन्होंने कहा कि मैने शोएब मलिक से शादी की जो पाकिस्तान से है। मैं भारतीय हूं और मरते दम तक रहूंगी। सानिया ने कहा कि मेरा जन्म मुंबई में हुआ क्योकि मेरी मां को विशेष अस्पताल की जरूरत थी चूंकि मेरे जन्म के समय वह काफी बीमार थी। मैं जब तीन हफ्ते की थी, तब हैदराबाद आई। सानिया ने कहा कि मेरे पूर्वज एक सदी से भी ज्यादा समय से हैदराबाद में रहते आए हैं। मेरे दादा मोहम्मद जफर मिर्जा ने 1948 में निजाम के रेलवे में इंजीनियर के रूप में अपने कैरियर की शुरुआत की और उनका इंतकाल भी यहां अपने पुश्तैनी मकान में हुआ। सानिया ने अपने परदादा मोहम्मद अहमद मिर्जा का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह भी हैदराबाद में ही जन्मे और पले बढ़े। वह वाटर वर्क्‍स, हैदराबाद के मुख्य इंजीनियर थे और उन्होंने मशहूर गांधीपेठ बांध बनाया था। उन्होंने कहा कि मेरे परदादा के पिता अजीज मिर्जा हैदराबाद के निजाम के तहत गृह सचिव थे और 1908 में मूसी नदी में आई बाढ के दौरान राहत कार्य में काफी काम किया। उन्होंने कहा कि उन्हें बाहरी करार दिये जाने के बयानों से वह काफी आहत है।
उन्होंने कहा कि मेरा परिवार एक सदी से भी अधिक समय से हैदराबाद का निवासी है और मैं किसी भी व्यक्ति द्वारा मुझे बाहरी करार दिये जाने के किसी भी प्रयास की निंदा करती हूं। उम्मीद है कि इससे सारे शक शुबहे दूर हो गए होंगे। तेलंगाना के भाजपा नेता के लक्ष्मण ने सानिया को ब्रांड दूत बनाने के टीआरएस सरकार के फैसले की निंदा की थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।