खुद को पाकिस्तानी बहू बताए जाने और इस नाते तेलंगाना राज्य का ब्रांड एबेंसडर बनाने के खिलाफ दिए गए बयानों से आहत टेनिस स्टार सानिया मिर्जा एक टीवी चैनल से बातचीत में रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि यह ठीक नहीं कि उन्हें अपनी भारतीयता साबित करनी पड़े। आखिर कितनी बार यह सब करना पड़ेगा? यह बहुत पीड़ादायक है। भाजपा समेत तमाम नेताओं के उनके पक्ष में दिए गए बयानों के बाद कुछ और हस्तियां भी उनका बचाव करने के लिए सामने आ गई हैं। जानी-मानी गायिका आशा भोसले ने कहा कि यह बेवजह का विवाद है। एक बार एक नेता ने मुझे भी राष्ट्रविरोधी कहा था। मुझे यह बड़ा मजाकिया लगा था। शबाना आजमी ने सानिया मिर्जा के आलोचकों को मोदी सरकार के लिए चुनौती बताया, तो हैदराबाद की ही बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने टेनिस स्टार की उपलब्धियों की तारीफ की। तेलंगाना सरकार की ओर से सानिया मिर्जा को नवगठित राज्य का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की घोषणा पर सबसे पहले भाजपा के एक नेता ने यह कहकर एतराज जताया था कि वह तो पाकिस्तान की बहू हैं। एक कांग्रेसी नेता ने भी यह दलील दी थी कि वह हैदराबाद में नहीं रहती हैं। हालांकि, सानिया मिर्जा ने इन आलोचनाओं का जवाब यह कहकर दे दिया था कि वह मरते दम तक भारतीय रहेंगी, लेकिन शुक्रवार को इसी मसले पर एक टीवी चैनल से बातचीत में अपनी पीड़ा बयान करते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।