टीम इंडिया के कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी ने पहली बार रवींद्र जडेजा और जेम्स एंडरसन विवाद पर खुलकर बात की है। धोनी ने जडेजा को दी गई सजा को बिना वजह करार देते हुए आईसीसी के फैसले को दुखद बताया है। धोनी ने कहा कि मेरे लिए ये बेहद दुखद फैसला है। मुझे लगता है कि इस मामले पर फैसला करते हुए बहुत सी बातों को अनदेखा किया गया। गौरतलब है कि जडेजा और एंडरसन के बीच ट्रेंट ब्रिज में जब ये विवाद हुआ तो धोनी उनके साथी बल्लेबाज के तौर पर मौजूद थे। धोनी ने पूरा घटनाक्रम बताते हुए कहा कि मैं इस मामले में किसी और का नाम नहीं लेना चाहता। लेकिन हम मैदान से स्टेडियम की ओर जा रहे थे कि एक इंग्लिश क्रिकेटर ने जडेजा के लिए अपशब्द कहे। मुझे बीच बचाव के लिए आना पड़ा और जब हम मैदान से बाहर निकलने ही वाले थे कि मामला और बिगड़ गया। धोनी ने कहा कि मैदान से बाहर निकलते वक्त जडेजा मुझसे कुछ ही गज की दूरी पर थे। उन्हें कुछ गलत बातें कही गईं। जिस पर वह कहने वाले व्यक्ति की तरफ पलटे तो उन्हें धक्का दे दिया गया। जडेजा बमुश्किल खुद को गिरने से संभाल पाए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।