नेता प्रतिपक्ष पर अटॉर्नी जनरल की राय राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए : कांग्रेस
(DELHI, India) कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘अटॉर्नी जनरल के विचार का कोई मोल नहीं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अटॉर्नी जनरल ने अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने वाला विचार दिया है। अटॉर्नी जनरल एक टकराववादी सरकार के पक्षपाती रूख के लिए दलील दे रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं मालूम कि अटॉर्नी जनरल नेता प्रतिपक्ष के मुद्दे पर किस कानून का हवाला दे रहे हैं। अटॉर्नी जरनल से कानून एवं विधि की बेहतर समझ की उम्मीद की जाती है, ऐसे विचारों की नहीं।’ गौरतलब है कि अटॉर्नी जनरल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पद के लिए कांग्रेस के प्रयासों को झटका देते हुए विचार व्यक्त किया है कि पार्टी के पास ऐसा दावा करने का आधार नहीं है। पहली लोकसभा से लेकर विगत में ऐसा कोई वाकया सामने नहीं आया है। सूत्रों ने बताया कि इस बारे में राय मांगे जाने पर रोहतगी ने लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को अपने विचारों से अवगत करा दिया है। उन्होंने कहा कि अटॉर्नी जनरल की राय है कि कांग्रेस विपक्ष के नेता पद की पात्र नहीं है क्योंकि उसके पास इसके लिए आवश्यक 543 सदस्यीय लोकसभा में 10 प्रतिशत सीट (55) नहीं है। कांग्रेस के पास केवल 44 सीटें हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।