यूपीएससी परीक्षा विवाद: सरकार का मसले को एक सप्‍ताह में सुलझाने का आश्‍वासन
(DELHI, India) यूपीएससी के नए पाठ्यक्रम पर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच सरकार ने सोमवार को कहा कि इस मुद्दे को एक सप्ताह में सुलझा लिया जाएगा। दूसरी ओर, यूपीएससी के अभ्‍यर्थियों ने यूपीएससी के परीक्षा पैटर्न से सी-सैट को समाप्‍त करने को लेकर विरोध-प्रदर्शन को और तेज कर दिया है।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि यूपीएससी मुद्दे को एक सप्ताह के भीतर सुलझा लिया जाएगा। इस बारे में चर्चा चल रही है। राजनाथ ने कहा कि इस बारे में छात्रों के प्रदर्शन के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद उन्होंने कल बैठक की थी। इस बैठक में वित्त मंत्री अरुण जेटली और कार्मिक मामलों के राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह एवं अन्य लोगों ने हिस्सा लिया था। एक सवाल के जवाब में गृह मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से नियुक्त तीन सदस्यीय समिति की रिपोर्ट जल्द ही आ जाएगी जिसका गठन यूपीएससी के सीसैट प्रारूप में बदलाव की मांग करने वाले छात्रों की मांग पर विचार करने के लिए किया गया है। गौर हो कि बीते सप्‍ताह, नरेंद्र मोदी सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों को भरोसा दिलाया था कि वे अपनी मांग को लेकर संयम बरतें और उनके साथ किसी तरह का अन्‍याय नहीं होगा। सिविल सेवा परीक्षा के अभ्‍यर्थी बीते कई दिनों से यूपीएससी की ओर से आवेदनकर्ताओं को प्रवेशपत्र जारी करने के खिलाफ और सी-सैट खत्म करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा के मुद्दे पर सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री को सूचित किया था कि उन्होंने वित्त मंत्री अरूण जेटली और कार्मिक राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह के साथ बैठक कर छात्रों के आंदोलन से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की है। गौर हो कि छात्र संघ लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव और साथ ही परीक्षा के कार्यक्रम को स्थगित करने की मांग कर रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।