(DELHI, India)
नायडू ने इस औचक निरीक्षण में पाया कि विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी सीट पर नहीं हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए नायडू ने विभाग के 80 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। नायडू ने अपने निर्देश में कहा है कि देर से कार्यालय पहुंचने वाले कर्मचारियों को गैर हाजिर माना जाए और उनका वेतन काटा जाए। रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय मंत्री ने शहरी विकास मंत्रालय एवं संसदीय मामलों के मंत्रालय में बॉयोमिट्रीक उपस्थिति प्रणाली लगाने का निर्देश दिया है। वेंकैया इन दोनों मंत्रालयों के प्रभारी हैं। इसके अलावा नायडू ने वरिष्ठ अधिकारियों से विभाग में देरी से पहुंचने वाले कर्मचारियों पर नजर रखने के लिए कहा है। नायडू ने कहा है कि यदि कोई कर्मचारी तय समय से 15 मिनट की देरी से आता है तो अधिकारी उनसे कैजुअल लीव भराना सुनिश्चित करें। नायडू ने पिछले महीने भी मंत्रालय का औचक निरीक्षण किया था और उस बार उन्होंने कार्यालय से गैर हाजिर रहने वाले कर्मचारियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया था। गौरतलब है कि नायडू के कैबिनेट सहयोगी केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कुछ दिनों पहले अपने मंत्रालय का औचक निरीक्षण किया था। जावड़ेकर ने अपने निरीक्षण में कई कर्मचारियों को अनुपस्थित पाया था। जावड़ेकर ने अनुपस्थित कर्मचारियों को आधे दिन का कैजुअल लीव भरवाया था और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी सुबह नौ बजे तक अपना काम संभाल लें। सरकार के मंत्रालयों में सही ढंग से काम सुनिश्चित कराने के क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पीएमओ का औचक निरीक्षण कर चुके हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।