(DELHI, India)
पार्टी अध्यक्ष बनाये जाने के बाद पहली बार भाजपा सांसदों को संबोधित करते हुए शाह ने उनसे आगामी विधानसभा चुनावों एवं कुछ राज्यों में होने वाले उपचुनाव के लिए तैयार रहने और अपने क्षेत्र के लोगों से सम्पर्क बनाये रखने को कहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बैठक की अध्यक्षता की और उन्होंने शाह का परिचय पार्टी सांसदों से कराया जिन्होंने पार्टी अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। शाह ने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार एक गैर कांग्रेसी सरकार को पूर्ण बहुमत प्राप्त हुआ है और सांसदों को इन चुनाव को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी सांसदों को आगामी विधानसभा चुनाव एवं कुछ राज्यों में होने वाले उपचुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करनी चाहिए और जीत की लय को बरकरार रखना चाहिए। शाह ने कहा कि यह पार्टी सांसदों का कर्तव्य है कि वे अपने संबंधित राज्यों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में हाल-फिलहाल चुनाव नहीं होने हैं वहां के सांसदो को पार्टी के कार्य के लिए चुनाव वाले राज्यों में तैनात किया जायेगा। भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी सांसदों से सांसद निधि का प्रभावी ढंग से उपयोग करने को कहा क्योंकि जनता ने उनमें अपना भरोसा जताया है। इस बैठक के दौरान यूपीएसएसी विवाद से जुड़ा मुद्दा भी उठा और कार्मिक एवं लोक शिकायत राज्य मंत्री डा. जितेन्द्र सिंह ने सांसदों से कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और इसे जल्द सुलझा लिया जायेगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।