प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए कांग्रेस में बड़ी भूमिका की तैयारी!
(DELHI, India) सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका आगामी विधानसभा चुनावों के बाद सक्रिय रूप से पार्टी में काम करना शुरू कर देंगी। सूत्रों के अनुसार, कुछ राज्‍यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रियंका को पार्टी में खास पद दिया जा सकता है। गौर हो कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद से राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ पार्टी के अंदर विरोधी मत उभर के सामने आए। पार्टी के कई नेताओं ने राहुल गांधी के नाम के विरोध में खुलकर निशाना साधा। पार्टी सूत्रों के हवाले से यह खबर आ रही है कि प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रमुख बनाया जा सकता है। हालांकि पार्टी के एक वरिष्‍ठ नेता ने बताया कि इस मामले में प्रियंका गांधी का फैसला अंतिम होगा। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद से राहुल गांधी को सभी पदों से इस्‍तीफा की मांग की थी। कई वरिष्‍ठ नेताओं ने तो राहुल के खिलाफ विवादित बयान भी दे डाला था। एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, प्रियंका को पार्टी में या तो महासचिव का पद दिया जा सकता है या फिर उत्तर प्रदेश कांग्रेस का चीफ बनाया जा सकता है। गौर हो कि प्रियंका को पार्टी में महत्‍वपूर्ण पद देने की मांग हमेशा से उठते रही है। हाल के दिनों में कांग्रेस की करारी हार और पार्टी के अंदर घमासान से एक बार फिर से प्रियंका गांधी को प्रमुख पद देने की मांग उठने लगी है। फिलहाल जनार्दन द्विवेदी कांग्रेस के महासचिव हैं और निर्मल खत्री उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख। दोनों ही नेता प्रियंका के लिए अपना पद छोड़ने के लिए तैयार हो जाएंगे। पार्टी के एक बड़े नेता ने कहा कि इस मामले में सोनिया और राहुल की राय मायने रखती है। उनकी सहमति के बाद ही प्रियंका सक्रिय राजनीति में किसी बड़े पद पर काबिज हो पाएंगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।