मेनका गांधी ने बेटे वरुण गांधी का नाम यूपी के मुख्‍यमंत्री के तौर पर उछाला
(UTTARPRADESH, India) मेनका ने कल तकिया गांव में एक बैठक में कहा कि राज्य में यदि हमारी (भाजपा) सरकार होती तो बेहतर होता क्योंकि तब हम अपना काम हक से करा पाते। यदि वह सरकार वरूण चलाते तो पीलीभीत की चांदी ही चांदी हो जाती। मेनका के इतना कहते ही वरुण के समर्थकों ने नारे लगाने शुरू कर दिए ‘हमारा सीएम कैसा हो, वरुण गांधी जैसा हो। बैठक का आयोजन दरअसल वरूण गांधी यूथ ब्रिगेड ने किया था। मेनका ने हालांकि कहा कि ये भविष्य का मुद्दा है। आपको आज जो बात कहनी हो, अभी कहिये। केन्द्रीय मंत्री ने अपने भाषण में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख जान बूझकर उत्तर प्रदेश की जनता का उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद बिजली और सडक जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं बंद कर दी गई, सिर्फ इसलिए कि भाजपा ने अधिकतम सीटें जीत लीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों को नीचा दिखाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। मेनका बोलीं कि मुलायम कहते हैं कि वह सबक सिखाएंगे लेकिन ‘वास्तव में सपा प्रमुख को जनता सबक सिखाएगी।’ इस बीच, वरुण के बारे में मेनका की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया पूछने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि मेनका ने जो कुछ कहा, वह उनकी निजी राय हो सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाकर चुनाव लड़े या नहीं, ये पार्टी का केन्द्रीय संसदीय बोर्ड तय करता है। वैसे भी इस बारे में कुछ बोलना जल्दबाजी होगी। विधानसभा चुनाव में अभी काफी समय बाकी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।