(India)
बीजेपी ने मंगलवार को अपने सांसदों से कहा कि वे डब्ल्यूटीओ में किसानों के हितों को सुरक्षा प्रदान करने समेत अन्य विषयों पर सरकार के रुख एवं कार्यों को जनता तक पहुंचाए और उन्हें आश्वस्त करें कि किसी भी कीमत पर उनके हितों के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। सांसदों को डब्ल्यूटीओ वार्ता और भारत के रुख का ब्यौरा देते हुए वित्तमंत्री अरुण जेटली ने भाजपा संसदीय दल की बैठक में उनसे कहा कि वे सरकार के संदेश को जनता तक पहुंचाएं। भाजपा के संसदीय प्रवक्ता एवं उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जेटली ने बताया कि भारत ने डब्ल्यूटीओ महासभा की जीनिवा में हुई बैठक में स्पष्ट कर दिया है कि वह व्यापार सहयोग समझौता (टीएफए) का तब तक अनुमोदन नहीं करेगा जब तक खाद्य सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का स्थायी समाधान नहीं निकलता है। सांसदों को सिविल सेवा एप्टीट्यूड परीक्षा (सीसैट) पर सरकार के निर्णय की भी जानकारी दी गई। बैठक के बाद नकवी ने बताया कि सांसदों को डब्ल्यूटीओ में अपनाए गए भारत के रूख की जानकारी दी गई, साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि राजग सरकार किसी भी कीमत पर किसानों के हितों के साथ समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने सांसदों को बताया कि सीसैट पर सरकार का निर्णय सर्वश्रेष्ठ और त्वरित समाधान था ताकि यूपीएससी की परीक्षा प्रक्रिया बाधित नहीं हो। भाजपा संसदीय दल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सफल नेपाल यात्रा और इस पड़ोसी देश के साथ संबंधों को मजबूत बनाने के लिए उन्हें बधाई दी। नकवी ने कहा कि पार्टी ने नेपाल यात्रा के दौरान मोदी की पहल और भूमिका का स्वागत किया जो दोनों देशों के लोगों को और करीब लाने और संबंधों को मजबूत बनाने में मदद करेगा। बैठक में केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, वेंकैया नायडू, राजनाथ सिंह और पार्टी सांसदों ने हिस्सा लिया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।