(DELHI, India)
पार्टी प्रवक्ता शोभा ओझा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि देशभर से हर कोई चाहता है कि गांधी परिवार के सभी सदस्यों को राजनीति में आना चाहिए। हम चाहते हैं कि तीनों पार्टी की कमान संभालें। उनसे इलाहाबाद में लगे उन पोस्टरों के बारे में पूछा गया था जिसमें दावा किया गया है कि प्रियंका गांधी वाड्रा जल्द सक्रिय राजनीति में शामिल होंगी। गौरतलब है कि सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी उपाध्यक्ष हैं। मीडिया में प्रियंका के बारे में ऐसी अटकलें हैं कि उनके पार्टी में औपचारिक जिम्मेवारी संभालने की संभावना है। प्रियंका को पार्टी में महत्वपूर्ण पद देने की मांग हमेशा से उठती रही है। हाल के दिनों में कांग्रेस की करारी हार और पार्टी के अंदर घमासान से एक बार फिर से प्रियंका गांधी को प्रमुख पद देने की मांग उठने लगी है। कांग्रेस नेता प्रियंका के लिए अपना पद संगठन में छोड़ने के लिए भी तैयार हैं। लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद प्रियंका को पार्टी में महत्वपूर्ण रोल दिए जाने की आवाज काफी बुलंद हो गई है। चुनाव में पार्टी का हश्र देखने के बाद कुछ नेताओं ने खुलेआम राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर सवाल उठाए थे। हालांकि, पार्टी के नेताओं ने बताया कि प्रियंका को अपने भाई से बड़ी भूमिका देने का कोई सवाल ही नहीं है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।