हार के जख्मों पर धोनी के बयान ने डाला नमक
(India)
ओल्ड ट्राफोर्ड स्टेडियम में हुए चैथे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को इंग्लैंड के गेंदबाजों ने भारत की दूसरी पारी 161 रनों पर समेटते हुए मैच पारी और 54 रनों के अंतर से अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही इंग्लैंड ने सीरीज में 2-1 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली। भारत की पहली पारी 152 रनों पर समेटने में अहम छह विकेट चटकाने वाले स्टूअर्ट ब्रॉड प्लेयर ऑफ द मैच रहे। ब्रॉड हालांकि बल्लेबाजी के दौरान गेंद से चोटिल हो जाने के कारण दूसरी पारी में गेंदबाजी करने नहीं उतरे। इंग्लैंड ने सीरीज में पिछले दो मैचों में खेल के हर विभाग में मैच के हर सत्र में भारत को दोयम साबित किया। भारतीय बल्लेबाजों ने लगातार दूसरी पारी में शर्मनाक प्रदर्शन किया। रविचंद्रन अश्विन दूसरी पारी में भारत के सर्वोच्च स्कोरर रहे, जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने 27 रनों का योगदान दिया। पूरी शीर्ष बल्लेबाजी और मध्यक्रम जैसे इंग्लैंड की गेंदबाजी के आगे लाचार नजर आया और लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे। मुरली विजय गौतम गंभीर चेतेश्वर पुजारा विराट कोहली अजिंक्य रहाणे रविंद्र जडेजा कोई भी टिककर नहीं खेल सका। इंग्लैंड दौरे पर गई इंडियन क्रिकेट टीम चैथे टेस्ट में शर्मनाक तरीके से तीसरे दिन ही हार गई। मैनचेस्टर में खेले गए चैथे टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत को पारी और 54 रनों से हराया। हार के बाद प्रतिक्रिया देते हुए टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक विवादित बयान दे दिया। धोनी ने कहा कि अच्छा हुआ 3 दिन में ही टेस्ट हार गए, बाकी के 2 दिनों में आराम करेंगे। यह बयान देते समय धोनी मंद-मंद मुस्कुरा भी रहे थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।