मोदी राज : नौकरशाहों के लिए 19 नए मानक तय, दफ्तर में देरी पर भी नकेल
(DELHI, India) नौकरशाही पर लगाम लगाने के लिए मोदी सरकार की कोशिशें तेज हो गई हैं। मोदी सरकार ने इस दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए लोगों को राजपत्रित अधिकारी से कागजात सत्यापित कराने की बाध्यता खत्म करने के बाद नौकरशाही की आचरण नियमावली में भी बदलाव किए हैं। सरकार ने ऑल इंडिया सर्विसेज रूल्स 1968 में संशोधन करके नौकरशाही के लिए 19 नए मानक जोड़ दिए हैं। इस नई आचरण नियमावली में कहा गया है कि सरकारी कर्मचारी और अधिकारी राजनीति से परे रह कर नैतिक मापदंड स्थापित करें। वे सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, कर्तव्य में निष्पक्षता और खास तौर पर कमजोर वर्गों के लिए काम करें, आम लोगों के साथ शालीनता से पेश आएं और लोगो से अच्छा व्यवहार करें। सरकारी सूत्रों का कहना है कि सरकार की यह पहल नौकरशाही पर नकेल कसकर उसे आम लोगों के प्रति अधिक से अधिक जवाबदेह बनाने की प्रक्रिया के तहत किया गया है। नई नियमावली में सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए 19 नए मानक तय किए गए हैं।
सरकारी दफ्तरों में लगेंगे बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र के तमाम मंत्रालयों और विभागों में बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए दो महीने का वक्त दिया गया है। सूत्र बताते हैं कि पिछले दिनों आईटी सेक्रटरी के साथ प्रधानमंत्री की हुई बैठक में झारखंड सिस्टम का डेमो दिया गया था। उसके बाद मोदी ने अटेंडेंस का झारखंड मॉडल फॉलो करने को कहा है। बाबुओं की लेटलतीफी को वेंकैंया नायडू और प्रकाश जावडेकर जैसे वरिष्ठ मंत्री खुद देख चुके हैं। कर्मचारियों को समय पर दफ्तर आने के निर्देश कई बार दिए जा चुके हैं। लेकिन इस दिशा में कोई सुधार होता नहीं देख सरकार ने तमाम दफ्तरों में बायोमीट्रिक अटेंडेस सिस्टम लगाने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। इसका एंड्रॉयड बेस्ड सिस्टम कर्मचारियों के आधार नंबर से जुड़ा रहेगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।