महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न देने की सिफारिश
(India) भारत रत्न देश का शीर्ष नागरिक सम्मान है और इसे मानवीय व्यवहार से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व सेवा या उच्च क्षमता का प्रदर्शन करने वाले नागरिक को प्रदान किया जाता है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजीजू ने मंगलवार को लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि हालांकि भारत रत्न के लिए किसी औपचारिक सिफारिश की जरूरत नहीं है लेकिन स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न प्रदान किए जाने के बारे में विभिन्न सिफारिशें मिली हैं। इन सिफारिशों को प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज दिया गया है। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने ध्‍यानचंद को भारत रत्‍न की सिफारिश से इनकार किया है। उन्‍होंने कहा कि भारत रत्‍न पर सरकार में कोई चर्चा नहीं हुई है। भारत रत्‍न के लिए किसी नाम पर विचार नहीं हुआ है। ये प्रश्‍न विचाराधीन नहीं है। वहीं, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू ने भी इस तरह की खबर से इनकार किया। हाल में ऐसी अटकलें थीं कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और महान हाकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को इस वर्ष यह शीर्ष सम्मान प्रदान किया जा सकता है। गृह मंत्रालय द्वारा पांच भारत रत्न मेडल बनाने का आर्डर किए जाने के बाद इन अटकलों को और बल मिला है। इससे पहले इस साल फरवरी में क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और प्रख्यात वैज्ञानिक सीएनआर राव को यह पुरस्कार प्रदान किया गया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।