अनुपस्थित रहने को लेकर विवादों के बाद राज्यसभा की बैठक में पहुंचीं रेखा
(DELHI, India) रेखा सदन में आने के बाद मनोनीत सदस्यों की सीट पर अन्य मनोनीत सदस्य अनु आगा एवं अशोक गांगुली के बीच बैठीं। क्रीम रंग की साड़ी पहने रेखा शून्यकाल की कार्रवाई को गौर से देख रही थीं। उच्च सदन में रेखा के अलावा आज अभिनेत्री राखी सावंत सदन की दर्शक दीर्घा में नजर आई। हाल ही में रामदास अठावले की अगुवाई वाली पार्टी आरपीआई (ए) में शामिल हुई राखी ने कुछ देर तक दर्शक दीर्घा में बैठ कर सदन की कार्रवाई को देखा। गौरतलब है कि गत दिनों तेंदुलकर और रेखा सहित मशहूर हस्तियां एवं मनोनीत सदस्यों के सदन से अनुपस्थित रहने का मुद्दा उठा था। इस पर उप सभापति पीजे कुरियन ने कहा था कि प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर एवं रेखा अप्रैल 2012 में इस सदन में मनोनीत किए गए थे। उन्होंने कहा कि अभी तक तेंदुलकर ने 3 बैठकों जबकि रेखा ने 7 बैठकों में हिस्सा लिया है। कुरियन ने कहा था कि तेंदुलकर ने अंतिम बार 13 दिसंबर 2013 को जबकि रेखा ने अंतिम बार 19 फरवरी 2014 को सदन की बैठक में भाग लिया था। इन दोनों सदस्यों पर बिना सूचना के अनुपस्थित रहने का सदन में मुद्दा उठने पर कुरियन ने कहा था कि तेंदुलकर 40 बैठकों से अनुपस्थित हैं जबकि रेखा के मामले में यह संख्या और भी कम है। उन्होंने कहा कि सदन के नियमों के अनुसार, यदि कोई सदस्य 60 दिनों तक अनुपस्थित रहता है तो उसकी सीट को रिक्त मान लिया जाता है। कुरियन ने कल सदन में घोषणा की कि तेंदुलकर ने अपनी व्यक्तिगत एवं पेशेगत प्रतिबद्धताओं तथा पारिवारिक अनिवार्यताओं के कारण मौजूदा पूरे सत्र में सदन में नहीं आने की अनुमति मांगी है। कई सदस्यों के विरोध के बावजूद सदन ने उन्हें इसके लिए ध्वनिमत से अनुमति दे दी थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।