(India)
विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में लचर बल्लेबाजी करके खराब प्रदर्शन के कुछ नये रिकार्ड बनाये जबकि भारत के चोटी के कुछ बल्लेबाजों का औसत निचले क्रम के बल्लेबाजों से भी कम रहा। कोहली ने इस श्रृंखला की दस पारियों में 13.40 की औसत से केवल 134 रन बनाये। दिलचस्प बात यह है कि उनसे अधिक अतिरिक्त रन थे। भारत के खाते में 177 अतिरिक्त रन जुड़े। रविंद्र जडेजा ने आठ पारियों में इतने ही रन बनाये। कोहली की तरह शिखर धवन (122) और स्टुअर्ट बिन्नी (118) ने अतिरिक्त रनों से कम रन बनाये। बल्लेबाजी क्रम में चोटी के चार बल्लेबाजों जिन्होंने किसी टेस्ट श्रृंखला की दस या इससे अधिक पारियां खेली हों, उनके खराब प्रदर्शन की सूची में कोहली दूसरे नंबर पर है। संयोग से रिकार्ड भारत के ही चंदू सरवटे के नाम पर था जिन्होंने आस्ट्रेलिया के 1947.48 के दौरे में दस पारियों में केवल 100 रन बनाये थे। इंग्लैंड के मैट प्रायर और बेन स्टोक्स को छोड़कर बाकी सभी खिलाड़ियों का औसत कोहली से बेहतर रहा। पुजारा की बात करें तो भारत के नंबर तीन बल्लेबाज के रूप में उनका इंग्लैंड में प्रदर्शन सबसे खराब रहा। पुजारा ने दस पारियों में 22.20 की औसत से 222 रन बनाये।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।