पाकिस्‍तान के उच्‍चायुक्‍त के साथ आज मिलेंगे गिलानी, बोले-कश्‍मीर एक अंतरराष्‍ट्रीय मसला
(DELHI, India) उन्‍होंने केंद्र सरकार की ओर से भारत और पाकिस्‍तान के बीच विदेश सचिव स्‍तर की वार्ता को रद्द किए जाने को दुर्भाग्‍यपूर्ण करार दिया। गिलानी ने यह विचार भी व्‍यक्‍त किया कि कश्‍मीर एक अंतरराष्‍ट्रीय मसला है और घाटी में शांति तब तक नहीं लौट सकती है, जब तक भारत और पाकिस्‍तान इसे न सुलझा ले। जबकि, बीते दिनों अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता से कश्मीर मुद्दा नहीं सुलझेगा क्योंकि इस मुद्दे को सुलझाने के लिए राज्य के लोग ही प्रमुख पक्ष हैं। गौर हो कि नरेंद्र मोदी सरकार ने सोमवार को कड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तान के साथ अगले सप्ताह होने वाली विदेश सचिव स्तर की वार्ता को रद्द कर दिया और पड़ोसी देश को बेलाग संदेश दिया है कि वह कश्मीरी पृथकतावादियों के साथ बात करके भारत के अंदरूनी मामलात में दखलंदाजी कर रहा है, जो ‘अस्वीकार्य’ है। विदेश सचिव सुजाता सिंह ने पाकिस्तान से साफ तौर पर कहा था कि वह इस बात का चुनाव कर ले कि उसे भारत से बात करनी है या पृथकतावादियों से, इसके बावजूद यहां पाकिस्तान के आला दूत ने पृथकतावादियों से बात की। अलगाववादी नेताओं ने कल कहा था कि भारत द्वारा पाकिस्तान के साथ विदेश सचिव स्तर की वार्ता रद्द कर दिए जाने के बाद भी वे पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित के साथ मंगलवार को नई दिल्ली में मुलाकात करेंगे। हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी धड़े के प्रवक्ता ने कहा कि मीरवाइज उमर फारूक दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायुक्त से मिलने जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र ने बातचीत रद्द कर दी है। उन्होंने कहा कि लेकिन हम विचार विमर्श की प्रकिया जारी रखेंगे जो कश्मीर मुद्दे के हल के लिए वार्ता प्रक्रिया का हिस्सा है। भारत ने पाकिस्तान उच्चायुक्त द्वारा हुर्रियत नेताओं के साथ भेंटवार्ता करने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए 25 अगस्त को इस्लामाबाद में होने जा रही विदेश सचिव स्तर की वार्ता रद्द कर दी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।