विदेशों में सफलता के लिए रन बनाना महत्वपूर्ण : जहीर खान
(India) विदेशी सरजमीं पर भारत का लचर प्रदर्शन हाल में इंग्लैंड के खिलाफ संपन्न टेस्ट श्रृंखला में भी जारी रहा जिसमें उसे 1-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। श्रृंखला के अंतिम दो मैच को भारत तीन अंतिम के भीतर हार गया। जहीर खान ने कहा, ‘मुझे हमेशा से लगता है कि अगर आपने पहली पारी में 350 से अधिक रन बनाए हैं तो आप मैच में बने हुए हो। अगर आप इस स्कोर को हासिल नहीं करते तो आपको हमेशा वापसी करने की कोशिश करनी पड़ती है।’ उन्होंने कहा, ‘अतीत में हमें विदेशों में जो सफलता मिली उसमें अहम यह था कि हम अच्छा स्कोर खड़ा किया करते थे। उसे बाद हम विकेट चटकाने की कोशिश करते थे।’ बायें हाथ के इस स्विंग गेंदबाज ने संकेत दिए कि आगामी चैम्पियन्स लीग ट्वेंटी20 में उनके खेलने की संभावना नहीं हैं लेकिन उन्होंने कहा कि वह चोट से अच्छी तरह उबर रहे हैं। चैम्पियन्स लीग टी20 का आयोजन भारत में चार विभिन्न स्थलों पर 13 सितंबर से चार अक्तूबर तक किया जाएगा। जहीर ने 14 साल के अपने करियर में भारत की ओर से 92 टेस्ट और 200 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। आईपीएल के दौरान मुंबई इंडियन्स की आरे से किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ खेलते हुए जहीर के हाथ में चोट लगी थी। जहीर ने इंग्लैंड में भारतीय तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन पर नजर रखी और उन्होंने कहा कि लार्ड्स टेस्ट में जीत के बाद इशांत शर्मा को गंवाने से भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा। इस तेज गेंदबाज ने कहा, ‘अगर लंबी श्रृंखला में कोई गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और प्रभाव छोड़ रहा है तो यह अहम होता है। हमें इसकी कमी खली। इस अनुभव से आप काफी कुछ सीख सकते हो। पूरा गेंदबाजी आक्रमण युवा है।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।