पिछले कुछ महीनों से अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रहे टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली आखिरकार फॉर्म में वापस लौट आए हैं। मिडिलसेक्स के खिलाफ अभ्यास मैच में उन्होंने गजब की पारी खेली और अपने पुराने अंदाज में खेलते हुए 75 गेंदों में 71 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चैके और एक शानदार छक्का भी लगाया। इंग्लैंड के खिलाफ 25 अगस्त से शुरू हो रहे वनडे सीरीज से ठीक पहले इस पारी से विराट ने जरूर राहत की सांस ली होगी साथ ही कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी की भी चिंता कुछ कम हुई होगी। गौरतलब है कि आइपीएल 7 से लगातार विराट कोहली खराब फॉर्म से गुजर रहे थे। इंग्लैंड दौरे पर भी शुरुआत में दो प्रैक्टिस मैच और फिर 5 टेस्ट मैचों में उनके प्रदर्शन ने उन्हें सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया था और हर तरफ उनकी जमकर आलोचना हो रही थी। इसके अलावा विराट की खराब फॉर्म की एक वजह उनकी गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा की इंग्लैंड में मौजूदगी को भी माना जा रहा था। अब कोहली ने अपनी इस पारी से अपने आलोचकों को जवाब तो दे दिया है लेकिन उनकी असल परीक्षा अभी बाकी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।