दो दिन पहले रांची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में मंच से बोलते समय झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की हूटिंग अब सूबे में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक लडा़ई का नया मुद्दा बन गया है। शनिवार सुबह यहां पहुंचे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को एयरपोर्ट पर सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की। बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया और देखते ही देखते दोनों तरफ के समर्थक आपस में भिड़ गए। बवाल बढ़ता देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। केंद्रीय इस्पात एवं श्रम मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शनिवार सुबह नौ बजे बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतरे। जेएमएम के कार्यकर्ताओं के उग्र प्रदर्शन के बीच वह यहां से जमशेदपुर के आदित्यपुर स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में 100 बेड के सेल के हॉस्पिटल का उद्घाटन करने निकल गए। तोमर का शुक्रवार रात नौ बजे रांची पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन अंतिम समय में उसमें तब्दीली हुई। इस तब्दीली को जेएमएम के बहिष्कार के ऐलान से जोड़कर देखा जा रहा है। शुक्रवार रात भी जेएमएम कार्यकर्ता विरोध जताने एयरपोर्ट पहुंचे थे, लेकिन मंत्री के नहीं आने के बाद वे लौट गए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।