(Chhata, Mathura)
मथुरा में बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिनों की बैठक के दूसरे दिन यानी, रविवार को पार्टी ने अपने आधिकारिक अजेंडे से 'लव जिहाद' शब्द हटा दिया। आपको बता दें कि इससे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने शुक्रवार को एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत में कहा था प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा के दौरान लव जिहाद और हिन्दुओं के धर्मांतरण के बारे में भी बात होगी। उनके इस बयान पर काफी बवाल हुआ और विपक्षी दलों ने बीजेपी पर सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाया। इस सब का असर शनिवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के पहले ही दिन दिख गया। शनिवार को जब राज्य कार्यकारिणी की बैठक शुरू हुई तो पार्टी के नेताओं ने लव जिहाद के मुद्दे पर कुछ नहीं बोला। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में कई राजनीतिक प्रस्ताव पेश किए गए, जिनमें प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध भी प्रस्ताव मुख्य रहे। बैठक के बाद बीजेपी के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने कहा कि यूपी के हालात बद्तर हो चुके हैं और यहां की सरकार यह सब सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए कर रही है। यहां बताते चलें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संगठन धर्म जागरण मंच ने 'लव जिहाद' और हिन्दू लड़कियों के कथित तौर पर धर्म परिवर्तन करके निकाह कराने के खिलाफ अभियान चला रखा है। बताया जा रहा है कि बीजेपी ने इसी के मद्देनजर दोनों मुद्दों पर चर्चा करने का फैसला किया है। बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव की कार्ययोजना का खाका खींचने के लिए दो दिनों की यह बैठक आयोजित की।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।