फ्लैचर पर टिप्पणी कर धोनी ने अपनी सीमाएं लांघी : BCCI
(India) बीसीसीआई के शीर्ष पदाधिकारी ने कहा, ‘टीम का बॉस कौन है इस पर धोनी को टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। यह उनका अधिकार क्षेत्र नहीं है।’ धोनी के कल ब्रिस्टल में आलोचनाओं से घिरे फ्लैचर को ‘बॉस’ बताने और उनके अगले साल विश्व कप तक बने रहने संबंधी बयान पर अब बोर्ड की कार्यकारिणी की अगली बैठक में चर्चा होगी। भारतीय कप्तान की टिप्पणी के बाद अटकलबाजी लगायी जाने लगी है कि क्या भारत की इंग्लैंड के हाथों टेस्ट श्रृंखला में शर्मनाक हार के बाद रवि शास्त्री को टीम का निदेशक नियुक्त करने के मामले में उनकी और बीसीसीआई के शीर्ष पदाधिकारियों की राय एक जैसी थी या नहीं। बोर्ड के फैसलों में अहम भूमिका निभाने वाले एक शीर्ष पदाधिकारी ने साफ किया कि यह मसला बोर्ड की कार्यकारिणी की अगली बैठक में उठाया जाएगा। इस पदाधिकारी ने आज कहा, ‘जो कुछ हुआ वह बहुत निराशाजनक है। भारतीय कप्तान को ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। बोर्ड की कार्यकारिणी की अगली बैठक में इस पर चर्चा होगी। सीधे शब्दों में कहें तो धोनी इस पर टिप्पणी करने का अधिकारी नहीं है कि टीम का बॉस कौन है। यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।