(DELHI, India)
गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र के लिए विद्या सागर राव, गोवा के लिए मृदुला सिन्हा, कर्नाटक के लिए गुजरात विधानसभा के स्पीकर वैजु भाई और राजस्थान के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह नए राज्यपाल होंगे। महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक और गोवा में जल्द ही नए राज्यपाल कार्यभाल संभालेंगे। गृह मंत्रालय ने राष्ट्रपति से चार राज्यों के राज्यपालों की नियुक्ति के लिए चार नामों की सिफारिश की है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि राज्यपालों की नियुक्तियों के लिए चार नामों की सिफारिश की गई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि राष्ट्रपति भवन द्वारा इन नामों की औपचारिक घोषणा कब की जाएगी। कल्याण सिंह ने 11 अगस्त को दावा किया था कि उन्हें राजस्थान के राज्यपाल पद की पेशकश की गई है और उन्होंने इसे खुशी से स्वीकार कर लिया है। महाराष्ट्र के राज्यपाल के शंकरनारायणन द्वारा कल इस्तीफा दिए जाने से उस राज्य में यह पद रिक्त है। मिजोरम स्थानांतरित किए जाने पर शंकरनारायणन ने इस्तीफा दिया है। पूर्व कानून मंत्री एचआर भारद्वाज द्वारा कर्नाटक के राज्यपाल के रूप में जुलाई में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद से वहां भी यह पद रिक्त है। इस महीने मार्गरेट अल्वा के राजस्थान का राज्यपाल का अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद से वहां भी यह स्थान रिक्त है। गोवा के राज्यपाल बी वी वांचू द्वारा इस्तीफा दिए जाने से वहां पिछले महीने से यह पद रिक्त है। राजग सरकार ने मिजोरम की राज्यपाल कमला बेनीवाल को बर्खास्त कर दिया है। गुजरात में राज्यपाल रहते राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके बीच टकराव की स्थिति बनी रहती थी। पूर्व कांग्रेसी नेता वीरेन्द्र कटारिया को भी पिछले महीने पुडुचेरी के उप-राज्यपाल के पद से बर्खास्त कर दिया गया था। नई सरकार के गठन के बाद केन्द्रीय गृह सचिव के टेलिफोन के बाद पांच राज्यों के राज्यपालों ने इस्तीफा दे दिया था। इनमें पश्चिम बंगाल के एमके नारायणन, नगालैंड के अश्विनी कुमार, उत्तर प्रदेश के बीएल जोशी, गोवा के बीवी वांचू और छत्तीसगढ़ के शेखर दत्त शामिल हैं। कांग्रेस के नेता जग्गनाथ पहाड़िया ने पिछले साल हरियाणा के राज्यपाल का अपना कार्यकाल पूरा किया है। उत्तराखंड के राज्यपाल अज़ीज़ कुरैशी ने उन्हें कार्यलाय से हटाने के मोदी सरकार के कदमों को अदालत में चुनौती दी है। नई राजग सरकार अब तक छह राज्यपाल नियुक्त कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश के राम नाईक, पश्चिम बंगाल के केशरीनाथ त्रिपाठी, गुजरात के ओम प्रकाश कोहली, छत्तीसगढ़ के बलरामजी दास टंडन, नगालैंड के पद्मनाभ बालकृष्ण आचार्य और हरियाणा के कप्तान सिंह सोलंकी शामिल हैं
Author: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।