प्रधानमंत्री जन धन योजना लॉन्च, मोदी बोले- डेढ़ करोड़ बैंक खातों के साथ आज टूटे कई रिकॉर्ड
(DELHI, India) इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वित्त मंत्री अरुण जेटली भी मौजूद थे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस योजना का काफी व्यापक लाभ होगा। उन्होंने कहा कि आज देश में कई रिकार्ड बने हैं। उन्होंने कहा कि एक दिन में 1.5 करोड़ लोगों का बीमा होना और खाते खुलना अपने आप में रिकार्ड है। उन्होंने कहा कि इस रिकार्ड्स से शासन में बैठे लोगों का विश्वास बढ़ेगा। इस योजना के तहत बैंक खाते से 15 करोड़ लोगों को जोड़ने की योजना है। आम लोगों को वित्तीय सेवाओं से जोड़ने के लिए अब देश के हर व्यक्ति के पास अपना बैंक खाता होगा। देशभर में 76 केंद्रों से एकसाथ इस योजना की शुरुआत की गई। शुभारंभ के दिन लगभग एक करोड़ बैंक खाते खुलने का अनुमान है। हर खाताधारक को एक डेबिट कार्ड और एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर दिया जाएगा। आगे चलकर उन्हें बीमा और पेंशन उत्पादों के दायरे में लाया जाएगा। यह योजना वित्तीय समावेश पर एक राष्ट्रीय मिशन है, जिसका उद्देश्य देश में सभी परिवारों को बैंकिंग सुविधाएं मुहैया कराना और हर परिवार का एक बैंक खाता खोलना है। इस योजना के तहत कम-से-कम 7.5 करोड़ परिवारों को कवर किए जाने का अनुमान है। एक बैंक खाता खुल जाने के बाद हर परिवार को बैंकिंग और कर्ज की सुविधाएं सुलभ हो जाएंगी। इससे उन्हें साहूकारों के चंगुल से निकलने, आपातकालीन जरूरतों के चलते पैदा होने वाले वित्तीय संकटों से खुद को दूर रखने और तरह-तरह के वित्तीय उत्पादों से लाभान्वित होने का मौका मिलेगा। प्रधानमंत्री जन धन योजना की खास बातें निम्नलिखित हैं --
-यह मिशन दो चरणों में लागू होगा।
-पहला चरण 15 अगस्त 2014 से 14 अगस्त 2015 तक होगा।
-दूसरा चरण 15 अगस्त 2015 से 14 अगस्त 2018 तक होगा।
-पूरे देश में सभी परिवारों को उचित दूरी के अंदर किसी बैंक की शाखा या निर्धारित प्वाइंट 'बिजनेस कॉरस्पोंडेंट' के माध्यम से बैंकिंग सुविधाओं की वैश्विक पहुंच उपलब्ध कराना।
-सभी परिवारों को एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर।
- लोगों को माइक्रो-बीमा उपलब्ध कराना।
- बिजनेस कॉरस्पोंडेंट (बीसी) के माध्यम से स्वाबलंबन जैसी गैर-संगठित क्षेत्र पेंशन योजनाएं शुरू करना।
-शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों को कवर किया जाएगा।
-हर एकाउंट के लिए पांच हजार का ओवरड्राफ्ट

Author: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।